बांगरमऊ। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर सुरसेनी गांव के सामने तेज रफ्तार डीसीएम की टक्कर से बाइक सवार युवक की मौत हो गई। पीछे बैठीं मौसी और मौसेरा भाई घायल हो गया। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
बांगरमऊ कोतवाली के गांव दसदान निवासी अफजल (22) पुत्र मोबीन शनिवार शाम मौसी हुमैरा (52) पत्नी उस्मान और उनके बेटे अदनान (16) को बाइक से फतेहपुर चौरासी के गांव खेवरई छोड़ने जा रहा था। लखनऊ-बांगरमऊ मार्ग पर सुरसेनी गांव के पास लखनऊ की ओर से आ रही डीसीएम ने बाइक में टक्कर मार दी। घटना में बाइक चला रहे अफजल की मौके पर मौत हो गई।
मौसी और मौसेरा भाई घायल हो गया। दोनों को सीएचसी से जिला अस्पताल रेफर किया गया। मौत से परिजन बेहाल हो गए। कोतवाल राजकुमार ने बताया कि हादसे में युवक की मौत हुई है। शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है।