पहले चरण के चुनाव में युवा अपने मताधिकार का प्रयोग करने में आगे रहा। भारी संख्या में युवक- युवतियों ने घर से बाहर निकलकर वोट डाला। इनमें पहली बार वोट डालने वालों के चेहरों पर अलग ही खुशी नजर आई। मतपत्र पर मोहर लगाकर बाहर निकलने वाले युवाओं के चेहरे खुशी से अलग ही चमक रहे थे।
वहीं आधी आबादी में भी मतदान को लेकर विशेष उत्साह देखने को मिला। उत्साह का अंदाज इससे लगता है कि सुबह जहां युवा टोलियों के रूप में मतदान करने के लिए पोलिंग स्टेशन पर पहुंचे।
शनिवार को पहले चरण के चुनाव में सभी ब्लाकों में युवाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। पहली बार वोटिंग लिस्ट में शामिल नाम वाले युवक- युवतियां मतदान शुरू होने से पहले की बूथ पर पहुंच गए। जैसे ही सुबह 7 बजे बूथ खुला, वैसे ही पहले अंदर जाकर युवाओं ने वोट डाला।
पहली बार वोट डालने वालों में शामिल अनीता व महक का कहना है कि वोट डालना हर भारतीय का अधिकार है। इसलिए सभी को वोट जरूर डालना चाहिए।
इसी प्रकार वोट डालकर घर जा रही श्रद्धा व आराध्या उंगलियों पर लगाई गई स्याही को देखकर खिलखिला रही थीं। पहली बार वोट डाला है क्या। इस सवाल के जवाब में उंगली पर लगी स्याही को दिखाते हुए श्रद्धा व आराध्या ने कहा कि अभी तक जब बड़ों को वोट डालते जाते देखती थीं तो सोचती थी कि उन्हें कब यह अधिकार मिलेगा।
आज पहली बार वोट डाला तो पता चला कि लोकतंत्र में वोट का कितना महत्व है। उन्होंने उन लोगों को करारा जवाब दिया है जो वोट डालने के लिए घर से बाहर नहीं निकलते हैं।
उनका कहना है कि वोट जरूर दें, क्योंकि हमारा वोट ही हमारी ताकत है। आपका वोट ही सही आदमी का चुनाव कर सकता है। सही आदमी प्रधान बनेगा तो गांव का विकास होगा।