हसनगंज। मोहान-बांगरमऊ मार्ग पर सोमवार रात बाइक-स्कूटी की टक्कर में युवक की मौत हो गई। साथी का लखनऊ ट्राॅमा सेंटर में इलाज चल रहा है। स्कूटी सवार युवक गाड़ी सहित मौके से भाग निकला।
हसनगंज कोतवाली के भोगला गांव निवासी नितिन (20) पुत्र विजय बाइक से साथी सुजीत (21) के साथ गांव के अमित की शादी में शामिल होने रसूलाबाद जा रहा था। मोहान-बांगरमऊ मार्ग पर हसनगंज के बाहर ढाबा के पास पहुंचा था, तभी मियागंज की ओर से आ रही तेज रफ्तार स्कूटी से वह टकरा गया। घटना में नितिन और पीछे बैठा सुजीत गंभीर घायल हो गए। राहगीरों ने सीएचसी पहुंचाया। गंभीर हालत में दोनों को लखनऊ ट्राॅमा सेंटर रेफर किया गया। वहां नितिन की इलाज के दौरान मौत हो गई। सुजीत का इलाज चल रहा है। बेटे की मौत से मां कमला, इकलौती बहन निधि सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल संदीप शुक्ल ने बताया कि घटना में युवक की मौत हुई है। शव का लखनऊ ट्राॅमा सेंटर में पोस्टमार्टम हुआ है। तहरीर के आधार पर कार्रवाई होगी।