उन्नाव। पहले अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर चहुंओर योग की बयार बही। शहर से लेकर गांव तक में शिविर लगाकर योगासन सिखाए गए। लोगों ने प्रशिक्षकों की देखरेख में योग-प्रणायाम किया। विश्वस्तर पर रविवार को पहला अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाया गया। इससे जनपद भी अछूता नहीं रहा।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ की ओर से निराला पार्क में लगाए गए शिविर में सदर विधायक पंकज गुप्ता, स्नातक एमएलसी अरुण पाठक, उन्नाव नपा चेयरमैन राम चंद्र गुप्ता, संघ के जिला कार्यवाहक लालता, आनंद अवस्थी, संजीव त्रिवेदी, ब्रजेश द्विवेदी, मनोज निगम मौजूद रहे। 57 यूपी बटालियन एनसीसी के कमांडिंग आफीसर कर्नल संजय पांडेय के नेतृत्व में विभिन्न कालेज सेंटरों पर एनसीसी के 650 कैडेटों को योगाभ्यास कराया गया।
डीएसएन कालेज में शिविर के दौरान प्राचार्य डॉ. मानवेंद्र सिंह, आईटीआई के प्राचार्य अरुण कुमार यादव, एनसीसी अधिकारी रविरंजन समेत अन्य लोग मौजूद रहे। गायत्री शक्तिपीठ की ओर से 16 केंद्रों पर आयोजित शिविर में लगभग 2805 लोगों ने योग किया। यहां पर जनपदीय समन्वयक एवं योग दिवस के संयोजक जय सिंह वर्मा, सुरेश कुमार मिश्रा, सिद्धिनाथ श्रीवास्तव, श्यामाचरण त्रिवेदी, रामदेव मिश्रा समेत अन्य गायत्री साधक उपस्थित रहे।
उत्थान वेलफेयर सोसाइटी के जिला कार्यालय में योग दिवस पर योग शिक्षक श्यामजी ने योग व आसनों का प्रशिक्षण दिया। इस दौरान संस्था के सचिव अंकित सिंह ने बताया कि 1 जुलाई से प्रतिदिन प्रात: 5 से 6.30 बजे तक योग साधना शिविर आयोजित किया जाएगा। जय बाबा फाउंडेशन की ओर से भी योग शिविर लगाया गया। उन्नाव हास्पिटल एवं डॉक्टर्स वेलफेयर एसोसिएशन की ओर से सिविल लाइन में एक योग शिविर व संगोष्ठी का आयोजन किया गया। योग चिकित्सक डॉ. वैभव सिंह ने सभी को योगाभ्यास कराया। इस मौके पर डॉ. अंशुमान अग्निहोत्री, डॉ. अखिलेश सिंह, डॉ. कासिफ आदि रहे।