गोकुल बाबा मंदिर में पूजन करते भक्त।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। सावन महीने के दूसरे सोमवार को शिव मंदिरों में भक्तों की भीड़ उमड़ी। हर-हर, बम- बम के जयकारों से शिवालय गूंजे। कोविड प्रोटोकॉल का पालन करने के लिए एक बार में पांच भक्तों को मंदिर में प्रवेश दिया गया। हालांकि इसके बाद भी कुछ मंदिरों में श्रद्धालु सामाजिक दूरी नजर अंदाज करते रहे।
शहर के मुख्य मंदिरों में मगरवारा स्थित गोकुल बाबा मंदिर, हजारीटोला मोहल्ले के प्राचीन सिद्धनाथ बाबा मंदिर, बड़ा चौराहा स्थित झंडेश्वर मंदिर सहित क्षेत्र के अन्य शिवालयों में भगवान भोलेनाथ के दर्शन करने के लिए भक्त सुबह से ही कतार में लग गए थे। अपना नंबर आने पर जलाभिषेक किया। उसके बाद दूध, दही, शहद, धतूरा, बेलपत्र, फल व मिष्ठान चढ़ाया। सुबह से शाम तक शिव मंदिर हर-हर, बम-बम के उद्घोष से गुंजायमान होते रहे। बीघापुर तहसील क्षेत्र के सगवर गांव में स्थापित श्री बाबा झारखंडेश्वर में भी भक्तों की भीड़ रही। भक्तों ने शिवलिंग पर दूध, दही, शहद, घी, गंगाजल से अभिषेक कर फूलों व बेलपत्रों से श्रृंगार किया।
सिद्धनाथ मंदिर में शिवलिंग पर जल चढ़ाते भक्त। संवाद- फोटो : UNNAO