उन्नाव। आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के बैनर तले आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों ने छह सूत्री मांगों का ज्ञापन सीडीओ स्टेनो को दिया। बाद में समस्याओं को लेकर जिला कार्यक्रम अधिकारी से मुलाकात कर निस्तारण की मांग की। इससे पहले आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं की कार्यकारिणी बैठक निराला पार्क में हुई।
ज्ञापन में मांग की गई कि परियोजनाओं में सहायिकाओं का अवशेष एरियर अभी बाकी है जिसका भुगतान कराया जाए। प्रत्येक आंगनबाड़ी केन्द्र संचालन के लिए अलग से भवन का निर्माण कराया जाए। आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को प्रत्येक माह में अपने संगठन की कार्यकारिणी बैठक में प्रतिभाग के लिए अनुमति प्रदान की जाए।
आंगनबाड़ी कार्यकत्री/सहायिकाओं को अतिरिक्त कार्यों से मुक्त रखा जाए। सीडीओ के न मिलने पर कार्यकत्रियां जिला कार्यक्रम अधिकारी के पास गईं और उन्हें समस्याओं से अवगत कराया। ज्ञापन देने वालों में अध्यक्ष मंजू तिवारी, मंत्री प्रतिभा तिवारी, कोषाध्यक्ष नीलम यादव, विष्णुकांती, नीलम, सुषमा देवी, शीला, राजवती, किरन देवी, सुनीता पांडेय, साधना देवी, प्रवीना द्विवेदी आदि मौजूद रहीं।