अचलगंज(उन्नाव)। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अचलगंज थाना क्षेत्र में ट्रक की टक्कर से एक बाइक पर सवार तीन लोगों में हेलमेट पहनकर बाइक चला रहा युवक मामूली चोटिल हुआ, जबकि बिना हेलमेट लगाए पीछे बैठे उसके दोस्त की मौत हो गई। तीसरा साथी भी बाल-बाल बच गया। डॉक्टरों ने सिर में गंभीर चोट से मजदूर की मौत होने की बात कही है। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम को भेजा है।
गंगाघाट थाना क्षेत्र के संभरखेड़ा मजरे बेहटा देवारा निवासी 28 वर्षीय जसवंत पुत्र संतलाल मजदूरी कर परिवार का गुजारा चलाता था। मंगलवार रात वह गांव के 25 वर्षीय जगरूप व 24 वर्षीय भीम के साथ एक बाइक पर सवार होकर अचलगंज थाना क्षेत्र के बदरका में आयोजित आजाद जयंती पर चल रहे सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखने के लिए निकले। हाईवे पर बंथर चौराहा से बदरका की ओर मुड़े ही थे कि लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हेलमेट लगा होने से बाइक चला रहे जगरूप को तो मामूली चोटें आईं पर बाइक में पीछे बैठे जसवंत की हेलमेट न लगा होने से सिर में गंभीर चोट आने से मौत हो गई। तीसरा दोस्त भीम भी बाल-बाल बच गया। मृतक जसवंत के चेचेरे भाई सोनेलाल ने अचलगंज थाना में तहरीर दी है।