साफ्टवेयर अपडेशन के बाद शहर के प्रधान डाकघर में कार्य करते कर्मचारी।
- फोटो : साफ्टवेयर अपडेशन के बाद शहर के प्रधान डाकघर में कार्य करते कर्मचारी।
उन्नाव। डिजिटल व कैशलेस व्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए चल रहा डाकघर के साफ्टवेयर अपडेट करने का कार्य सोमवार को पूरा हो गया। इसके बाद से नए साफ्टवेयर पर काम शुरू हो गया।
डाकघर अधीक्षक कानपुर सर्वेश कुमार ने बताया कि अपग्रेड के बाद अब डाकघर में एपीटी 2.0 (उन्नत डाक प्रौद्योगिकी) साफ्टवेयर की शुरुआत हो गई है। बताया कि इसके तहत ग्राहक एप के माध्यम से डाक की सभी सेवाओं का घर बैठे प्रयोग कर सकेंगे। घर से ही बुकिंग कर सकेंगे। बुक की गई डाक की पिकअप सर्विस का लाभ भी उठा सकेंगे।
ग्राहक यूपीआई, क्यूआर के माध्यम से भुगतान भी कर सकेंगे। पोस्टमैन जीपीएस सुविधा के साथ ओटीपी आधारित डाक वितरण कार्य करेंगे। सोमवार से प्रधान डाकघर में कार्य भी शुरू हो गया है। उधर, पुरवा डाकघर में साफ्टवेयर अपडेट का काम पूरा न होने से सोमवार को जमा निकासी व रजिस्ट्री की बुकिंग नहीं हो पाई। यहां पहुंचे उपभोक्ताओं में रामबिलास व पप्पी ने बताया कि राखी भेजने के लिए आए थे, लेकिन काम नहीं हो सका। उप डाकपाल हरिशंकर तिवारी ने बताया कि पुराना साफ्टवेयर हटाया जा रहा है। नए को अपलोड करने का काम चल रहा है। जल्द ही सेवाएं बहाल हो जाएंगी।