सफीपुर। विकासखंड के शिक्षकों ने सोमवार को तहसील कार्यालय में आयोजित प्रशिक्षण व कार्य का बहिष्कार कर धरना दिया। संघ पदाधिकारियों ने तहसीलदार से मुलाकात कर न्यायालय व प्रमुख सचिव के निर्देशों का हवाला देकर ड्यूटी हटाए जाने की मांग की। वहीं, मामले में तहसीलदार ने जिलाधिकारी स्तर से समाधान की बात कहकर अपना पल्ला झाड़ लिया।
पिछले दिनों न्यायालय ने परिषदीय पाठशाला के शिक्षकों की ड्यूटी दैवी आपदा, चुनाव व जनगणना को छोड़कर अन्य किसी कार्य में न लगाने के निर्देश दिए थे। इन निर्देशों का हवाला देते हुए शिक्षक संघ के जिला संगठन मंत्री जयदीप शुक्ल, अध्यक्ष सफीपुर राघवेंद्र सिंह, बांगरमऊ अध्यक्ष रामसिंह कनौजिया, मीडिया प्रभारी कयामुद्दीन, शंकुल प्रभारी ज्ञान प्रकाश पांडेय समेत विकासखंड के 75 शिक्षक तहसीलदार कार्यालय के बरामदे में एकत्र हुए।
पदाधिकारी तहसीलदार संजीव कुमार शाक्य से मिले। पदाधिकारियों ने न्यायालय और सचिव के निर्देशों का हवाला देते हुए शिक्षकों की ड्यूटी बीएलओ कार्य में न लगाए जाने की मांग की। वहीं, तहसीलदार ने संघ के जिलाध्यक्ष बृजेश पांडेय से बताया कि इस प्रकरण का समाधान जिलास्तर पर ही हो सकता है। अत: डीएम से बात करना उचित होगा। इसके बाद शिक्षकों ने मीटिंग हाल में आयोजित प्रशिक्षण व कार्य का बहिष्कार कर दिया और वापस लौट गए।