हिरन नगर की नई बस्ती मोहल्ला में शराब ठेका खोले जाने की सुगबुगाहट महिलाओं में हुई तो बखेड़ा खड़ा हो गया। महिलाओं का हुुजूम कोतवाली पहुंच गया। नारेबाजी कर कड़ा विरोध दर्ज कराया। कोतवाल से किसी भी हाल में ठेका न खुलने की मांग की। कोतवाल के आश्वासन पर महिलाएं शांत हुईं।
हाईकोर्ट ने हाईवे किनारे व शहर के मुख्य मार्गों पर संचालित हो रहे शराब ठेकों के स्थान परिवर्तन का आदेश जारी कर शराब व्यवसाईयों के साथ ही पब्लिक की समस्या बढ़ा दी है। व्यवसाईयों का व्यापार दम तोड़ गया तो मोहल्ले के लोग नया ठेका खोले जाने से अराजकता का माहौल होते देख शराब ठेकों के खिलाफ विरोध का मोर्चा खोल रखा है। शुक्रवार को भी शराब ठेकों के संचालन के खिलाफ शहर में विरोध प्रदर्शन जारी रहा।
शहर के मोहल्ला हिरन नगर नई बस्ती में शराब ठेका खोले जाने की भनक लोगों में हुई तो हड़कंप मच गया। महिलाएं घर से बाहर निकली और एक युवक के खिलाफ नारेबाजी कर ठेका न खोले जाने का अल्टीमेटम दिया। इसके बाद करीब दो दर्जन महिलाएं शहर कोतवाली पहुंची। महिलाओं ने ठेके के खिलाफ कोतवाली में प्रदर्शन कर ठेका निरस्त करने की आवाज बुलंद की।
साथ ही ठेका खुलने की स्थित में उग्र प्रदर्शन की चेतावनी दी। प्रदर्शन की सूचना पर पहुंचे कोतवाली प्रभारी संतोष कुमार तिवारी ने महिलाओं की बात सुनकर अधिकारियों से बात कर ठेका न खुलने का आश्वासन दिया। कोतवाल के आश्वासन पर महिलाएं वापस लौट गईं। महिलाओं में पूजा, रोशनी, सीता यादव, गुडिया सिंह, मालती देवी, सरिता देवी, अनीता भी शामिल रहीं।