औरास में सई नदी में डूबी शिवदेवी की मौत के बाद रोते बिलखते परिजन।
- फोटो : UNNAO
औरास(उन्नाव)। सई नदी पार कर खेतों में जाने के लिए ग्रामीणों द्वारा बनाए गए लकड़ी के पुल पार करते समय पैर फिसलने से अधेड़ महिला की सई नदी में डूबकर मौत हो गई। गुरुवार को खेत गई महिला के देर शाम तक घर न लौटने पर परिजनों ने तलाश शुरू की। शुक्रवार सुबह इस पुल से करीब 100 मीटर दूर नदी में शव उतराता देखा। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में भी डूबने से मौत की पुष्टि हुई है।
औरास थाना क्षेत्र के मिर्जापुर अजिगांव निवासी शिवदेवी (52) पत्नी सत्यपाल गुरुवार शाम करीब पांच बजे गांव के पास सई नदी पर बने बांस के पुल को पार कर खेत गई थी। शाम को खेत से घर लौटने के दौरान पुल पर उसका पैर फिसल गया और वह नदी में गिर गई। गांव के एक युवक ने उसके डूबने की सूचना परिजनों को दी। परिजनों ने नदी में उसकी खोजबीन शुरू की। शुक्रवार सुबह खेतों की ओर गए ग्रामीणों ने पुल से लगभग 100 मीटर दूर नदी में उसका शव उतराता देखा। ग्रामीणों की सूचना पर मशक्कत के बाद परिजनों ने ग्रामीणों के सहयोग से शव को नदी से बाहर निकालकर पुलिस को सूचना दी। एसओ राजबहादुर मौके पर पहुंचे और शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में डूबने से महिला की मौत की पुष्टि हुई है।
छह अन्य लोगों की पुल से गिरने से हो चुकी है मौत
मिर्जापुर अजिगांव के ग्रामीण पिछले कई सालों से सई नदी में पक्के पुल के निर्माण की मांग कर रहे हैं। पुल का निर्माण न होने से खुद ग्रामीणों ने बांस का पुल बना लिया। जिससे हर वक्त असुरक्षा का खतरा बना रहता है। हाल ही में उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य की ओर से सई नदी में बांस की जगह पीपे का पुल बनाए जाने की घोषणा की गई थी। जिससे ग्रामीणों में अंसतोष है। गुरुवार को बांस के पुल से फिसलकर गिरी महिला की मौत के बाद से ग्रामीणों में आक्रोश है। ग्रामीणों के अनुसार इससे पहले बांस के पुल से छह अन्य लोगों की मौत हो चुकी है।
अधिकारी बोले
एसडीएम हसनगंज प्रदीप वर्मा ने बताया कि अजिगांव चकबंदी में है। शुक्रवार को मौके पर जाकर जांच की। इस दौरान पीडब्ल्यूडी के अधिकारी भी साथ थे। अधिकारियों ने पुल निर्माण के लिए क्षेत्र की भौगोलिक स्थिति का जायजा लिया है। रिपोर्ट बनाकर डीएम को देंगे। पुल से गिरकर महिला की मौत की घटना में मुआवजे के सवाल पर उन्होंने कहा कि फिलहाल यह संभव नहीं है क्योंकि महिला के पति जीवित हैं। खेती मृतका के नाम न होने की जानकारी हुई है।
पीडब्ल्यूडी के एसई मन्नीलाल ने बताया कि उपमुख्यमंत्री केशव मौर्या द्वारा सई नदी पर पीपे का पुल बनावाने की घोषणा की गई है। शुक्रवार को टीम के साथ मौका मुआयना किया है। इस दौरान ग्रामीणों द्वारा अपनी सुविधा के लिए बनाए गए लकड़ी के पुल को भी देखा है। सेतु निगम के एमडी से भी फोन पर बात की है। एसई ने बताया कि पीपे के पुल का एस्टीमेट अवर अभियंता से तैयार कराया जा रहा है। एस्टीमेट व रिपोर्ट तैयार करके डीएम को भेजेंगे। डीएम की संस्तुति के बाद फाइल शासन को भेजी जाएगी।