अजगैन रेलवे क्रासिंग के पास डंपर के नीचे आने से महिला की मौत के बाद आक्राशित लोगों को समझाती पुलि?
- फोटो : UNNAO
नवाबगंज(उन्नाव)। अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कस्बे में सड़क के गड्ढों ने एक महिला की जान ले ली। रेलवे क्रॉसिंग के पास से निकलने के दौरान सड़क पर हुए गड्ढे में फंसकर अनियंत्रित हुई बाइक से दंपति व बच्चा गिर पड़े। इसी दौरान पीछे से आ रहे डंपर के पहिये के नीचे चली जाने से महिला की मौत हो गई। जबकि पति व बच्चा मामूली रूप से घायल हो गए। वहीं, चालक मौके से फ रार हो गया। बाइक सवार युवक हेलमेट लगाए हुए था।
शहर कोतवाली के मोहल्ला तालिब सराय निवासी मो. जावेद (40) पुत्र हातिम मुस्ताक अपनी पत्नी सबीना (35) व आठ वर्षीय बेटे हसन को लेकर तीन दिन पूर्व बाइक से लखनऊ के मलिहाबाद थाना के गांव समदा में सास अनीसा (65) के इंतकाल में शामिल होने गया था। शुक्रवार को वापस शहर लौट रहा था। इस दौरान अजगैन रेलवे क्रॉसिंग के समीप रोड पर हुए गड्ढे में बाइक का पहिया जाते ही गाड़ी अनियंत्रित होकर पलट गई। बाइक के पलटते ही दंपति भी सड़क पर गिए गए। इसी दौरान सबीना पीछे आ रहे एक डंपर के पहिए के नीचे चली गई। जिससे सबीना की मौके पर ही मौत हो गई। जबकि पति व बेटा मामूली रूप से जख्मी हो गए। जिन्हें प्राथमिक उपचार दिया गया।
वहीं हादसे के बाद चालक डंपर छोड़कर भाग गया। सूचना पर पहुंची पुलिस ने डंपर को कोतवाली भिजवाया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। स्थानीय लोगों के मुताबिक, रोड पर बने गड्ढों की वजह से महिला की जान चली गई। जावेद के दो अन्य बेटे सुजैन (13) व फैसल (18) शहर में परिजनों के साथ ही थे। हादसे की जानकारी मिलने पर परिजनों में कोहराम मच गया। एसओ संतोष कुमार सिंह ने बताया कि तहरीर नहीं मिली है। चालक फ रार है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।