अचलगंज। खेत जा रही महिला की शनिवार की सुबह ट्रेन की चपेट में आकर मौत हो गई। महिला की भाभी ने मारपीट से परेशान होकर आत्महत्या करने का आरोप लगाया।
अचलगंज थाने के मोहल्ला अचलेश्वर नगर निवासी मंजू (40) शनिवार की सुबह खेत जा रही थी। उन्नाव-रायबरेली रेलवे लाइन पर पुरवा क्रासिंग पार करते समय उन्नाव से ऊंचाहार जा रही ट्रेन की चपेट में आने से उसकी मौत हो गई। वहां मौजूद लोगों ने बताया कि महिला घूंघट किए थी। इस कारण वह ट्रेन की दूरी का अंदाजा नहीं लगा पाई।
पति ने बताया कि कोई संतान नहीं है। पोस्टमार्टम हाउस पहुंची मृतका की ज्ञानखेड़ा निवासी भाभी माधुरी ने आरोप लगाया कि पति गणेश शराबी है। वह मंजू को पीटता था। बताया कि शुक्रवार को भी दोनों में झगड़ा हुआ था। परेशान होकर ननद ट्रेन के आगे कूद गई। थानाध्यक्ष राजेश पाठक ने बताया कि ट्रेन की चपेट में आने से महिला की मौत हुई है। शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। परिजनों ने तहरीर नहीं दी है।