उन्नाव। दरोगा की बाइक से संक्रमित जमाती के जिला अस्पताल पहुंचने का मामला उजागर होने के बाद भी दरोगा ने अब तक अपनी जांच नहीं कराई। इससे स्टॉफ में दहशत है। हर पुलिस कर्मी उचित दूरी बनाए हैं। संक्रामक रोग प्रभारी द्वारा जांच के लिए बुलाए जाने के बाद भी दरोगा अब तक जांच के लिए जिला अस्पताल नहीं पहुंचे।
शहर के मोहल्ला शेखवाड़ा निवासी जमाती को 14 अप्रैल को संक्रमण की आशंका पर जांच के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया था। वह एक दरोगा की बाइक खुद चलाकर जिला अस्पताल पहुंचा था। इसी बाइक को चलाकर दारोगा वापस लौटे थे। 16 अप्रैल को जमाती में संक्रमण की पुष्टि के बाद से दरोगा व उनके साथ गए अन्य सिपाहियों में दहशत फैल गई। जमाती में संक्रमण मिलने की जानकारी पर दरोगा ने स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को हकीकत बता सलाह ली थी। जिस पर स्वास्थ्य अधिकारियों ने उनसे जांच कराने की बात कही थी। संक्रामक रोग प्रभारी आरएस मिश्र ने बताया कि दरोगा को जांच के लिए बुलाया गया था पर वह अस्पताल नहीं पहुंचे।