औरास। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर सीमऊ गांव के पास बुधवार सुबह नौ बजे ई-रिक्शा की टक्कर से मोपेड सवार दंपती घायल हो गए। राहगीरों ने दोनों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टर ने वृद्धा को मृत घोषित कर दिया। वहीं, वृद्ध का इलाज चल रहा है। घटना के बाद चालक ई-रिक्शा लेकर भाग गया।
हसनगंज कोतवाली क्षेत्र के कोरो कल्याण गांव निवासी चंद्रपाल (70), पत्नी चंद्रकली (65) के साथ बुधवार को मोपेड से हरदोई जिले के संडीला कोतवाली क्षेत्र के गांव बेहसरिया स्थित अपनी ससुराल जा रहे थे। संडीला-चकलवंशी मार्ग पर औरास थाना क्षेत्र के सीमऊ गांव के पास औरास की ओर से आ रहे तेज रफ्तार ई-रिक्शा ने मोपेड में टक्कर मार दी। इससे दंपती सड़क पर गिरकर गंभीर घायल हो गए। सीएचसी ले जाने पर डॉक्टर ने चंद्रकली को मृत घोषित कर दिया।
सूचना पर उनके बेटे सुरेंद्र और रामजीवन अस्पताल पहुंचे, पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा। थानाध्यक्ष भवन सिंह मौर्य ने बताया कि घटना के बाद चालक ई-रिक्शा लेकर भाग गया है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।