सफीपुर (उन्नाव)। कुरसठ कस्बे में मंगलवार दोपहर घर के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन के आपस में टकराने से निकली चिंगारी से छप्पर में आग लग गई। आग ने तीन घरों के साथ कपड़ों की दुकान को चपेट में लिया। छप्पर के नीचे बंधे मवेशियों को बचाने में युवक के हाथ भी झुलस गए, ग्रामीणों ने आग पर काबू पाया।
आग से करीब 50 हजार का नुकसान हुआ है। आसीवन थाना क्षेत्र के कुरसठ कस्बा निवासी मतोले के घर के बाहर छप्पर के ऊपर से गुजरी बिजली लाइन के तार ढीले होने से आपस में टकरा गए। उससे निकली चिंगारी छप्पर पर गिरी, इससे वह जलने लगा। देखते ही देखते आग पड़ोसी संजय के घर के साथ समीउल्लाह की कपड़े की दुकान के बाहर टंगे कपड़े तक और छोटेलाल के घर तक पहुंच गई, ग्रामीणों ने जैसे-तैसे आग पर काबू पाया।
छोटेलाल के छप्पर के नीचे बंधे मवेशियों को बाहर निकालने में उसके हाथ भी झुलस गए, परिजन निजी अस्पताल में इलाज करा रहे हैं। लेखपाल शिवराज ने बताया कि नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को दी गई है।