काशीराम कालोनी में महिला को पति द्वारा जलाए जाने की सूचना पर जांच करती पुलिस।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। फोन पर पत्नी को किसी और से बात करते देख गुस्साए पति ने स्टोव से तेल निकालकर पत्नी पर उड़ेल दिया और आग लगा दी। पत्नी की चीख-पुकार सुन आसपास के लोगों ने आग बुझा पुलिस की मदद से जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख उसे कानपुर रेफर किया गया है। पत्नी के बयान के आधार पर पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में लिया है।
मूल रूप से सफीपुर कोतवाली क्षेत्र के पीखी बाजार निवासी नसीम वर्तमान में पत्नी रुखशाना और दो बच्चों के साथ शहर की कांशीराम कॉलोनी में रहकर प्राइवेट बस चलाता है।
शुक्रवार दोपहर वह घर पहुंचा। पत्नी को मोबाइल से किसी से बात करते देख उसने टोकाटाकी की। इसी बात पर उसका पत्नी से विवाद हो गया। गुस्से में उसने पास रखे स्टोव से तेल निकाला और पत्नी पर उड़ेलकर आग लगा दी। पत्नी का शोर सुन दौड़े आसपास के लोग उसे आग की लपटों से घिरा देखा। लोगों ने आनन-फानन आग बुझाई और पुलिस को घटना की जानकारी दी। कांशीराम पुलिस चौकी प्रभारी अखिलेश तिवारी भी पहुंच गए और लोगों की मदद से एंबुलेंस से रुखशाना को जिला अस्पताल पहुंचाया। हालत गंभीर देख उसे कानपुर हैलट रेफर कर दिया गया।
रुखशाना ने अपने बयान में पति द्वारा तेल डालकर जलाने की बात कही है। पुलिस ने पति को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू की है। चौकी प्रभारी ने बताया कि फोन पर बात करने को लेकर पति पत्नी में कहासुनी के बाद पति ने स्टोव से तेल निकालकर पत्नी पर डाल दिया और आग लगा दी। बीघापुर के साढ़ेमऊ गांव निवासी रुखशाना के पिता सरताल अली व मां ने पति पर हत्या के प्रयास का आरोप लगाया है। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति पर रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू की है। कोतवाल दिनेश चंद्र मिश्र ने बताया कि नायब तहसीलदार रजनीश बाजपेई के द्वारा महिला के बयान दर्ज किए गए हैं।