हसनगंज ब्लाक के रानीखेड़ा गांव में लगा वाई-फाई कनेक्शन।
- फोटो : UNNAO
हसनगंज(उन्नाव)। विकासखंड के 17 गांवों में फ्री वाई-फाई सेवा शुरू कर दी गई है। हालांकि अभी इसका लाभ आम जनता को नहीं मिलेगा। ग्राम पंचायतों में संचालित सरकारी संस्थाओं को ही एक साल तक फ्री इंटरनेट कनेक्टिविटी दी जाएगी।
केंद्र सरकार ने बजट वर्ष 2015-16 में डिजिटल गांव योजना की घोषणा की थी। ग्राम पंचायतों को डिजिटल करने की जिम्मेदारी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) को दी गई थी। योजना को मूर्त रूप देने के दौरान पहले चरण में हसनगंज ब्लॉक को चुना गया था। इस विकासखंड की 81 ग्राम पंचायतों में 17 को वाई-फाई से लैस करने की कवायद शुरू की गई थी। योजना का मुख्य उद्देश्य पूरे गांव समुदाय को डिजिटल रूप से सशक्त बनाना था। रविवार से रानीखेड़ा खालसा, फ रीदीपुर, हसनगंज, बीबीपुर, गजफ्फ रनगर, अजमतगढ़ी, मुंशीगंज, हसनापुर मूसेपुर, तेगापुर, सैरपुर व मौलाबांकीपुर आदि गांवों में वाई-फाई की शुरुआत कर दी गई। गांवों में ऑप्टिकल फ ाइबर बिछाकर नेटवर्क कनेक्टिविटी को जोड़ा गया है।
सीएससी प्रभारी पद्मिनी सिंह ने बताया कि अभी इस योजना से हर गांव में स्थित पांच सरकारी विभागों को एक साल तक मुफ्त इंटरनेट सेवा उपलब्ध कराई जाएगी। इसमें ग्राम पंचायत, सीएससी सेंटर, सरकारी स्कूल, आंगनबाड़ी सेंटर, कोटेदार व पुलिस स्टेशन आदि शामिल हैं। बताया कि हसनगंज, नवाबगंज व औरास ब्लॉक की 212 ग्राम पंचायतों में जल्द ही यह व्यवस्था चालू की जाएगी। गांव में हाईस्पीड नेट कनेक्टिविटी मिलने से कोटेदारों को खाद्यान्न वितरण में आसानी होगी। समूहों द्वारा मिनी बैंक से संबंधित काम में भी तेजी आएगी। कनेक्शन के लिए संस्था प्रमुख को पहचान पत्र की फ ोटो कॉपी व संस्था का आईकार्ड देना होगा। इसके अतिरिक्त आम जनता को एक साल बाद निर्धारित रेट पर कनेक्शन मिलेगा।