पंचायत चुनाव में जिला पंचायत सदस्य की 53 और क्षेत्र पंचायत सदस्य की
1319 पदों पर चुनाव की अधिसूचना 21 सितंबर को लागू हुई थी। पहले चरण का
चुनाव नौ अक्तूबर, दूसरे चरण का 15, तीसरे चरण का 18 अक्तूबर और चौथे चरण
का चुनाव 29 अक्तूबर को संपन्न हो चुका है।
इस चुनाव में मौजूदा जिला
पंचायत अध्यक्ष ज्योति रावत समेत डीडीसी पदों के लिए 551 उम्मीदवार और
बीडीसी के 6474 प्रत्याशियों की किस्मत का फैसला मतपेटियों में बंद है। यह
मतपेटियां रविवार को खोली जाएगी। गणना के लिए सभी 16 ब्लाकों में केंद्र
बनाए गए हैं। सरोसी ब्लाक की गिनती शहर के जीजीआईसी मैदान में होगी।
इसके
अलावा अन्य विकास खंडों की गणना संबंधित क्षेत्र में बनाए गए केंद्रों पर
होगी। रविवार को सुमेरपुर के बाबू जयशंकर प्रसाद डिग्री कालेज में पीडी
रामकृपाल चौधरी ने केंद्र की व्यवस्थाओं का जायजा लिया। पुरवा में डीडीओ
एनबी सविता ने केंद्र पर पहुंचकर सारी व्यवस्थाओं को दुरुस्त करने के
निर्देश दिए।
बांगरमऊ प्रतिनिधि के अनुसार मतगणना की व्यवस्था का जायजा
लेने एडीएम इंद्रपाल उत्तम मौके पर पहुंचे। उन्होंने ब्लाक कार्यालय
पहुंचकर एजेंट बनाने की प्रक्रिया को देखा। इसके बाद वह मतगणना स्थल सुभाष
इंटर कालेज पहुंचे और मतगणना कक्ष, व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया।
इसी क्रम
में उन्होंने गंजमुरादाबाद ब्लाक कार्यालय और मतगणना केंद्र डीसीकेएम इंटर
कालेज पर भी जाकर व्यवस्थाओं का जायजा लिया।