अधिकारियों के साथ बैठक कर कोरोना की रोकथाम के लिए जारी गाइडलाइन की जानकारी देते एडीएम राकेश कुमा?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। कोरोना की रोकथाम को लेकर शासन के निर्देशों का अनुपालन कराने के लिए एडीएम ने जिले के प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के साथ बैठक की। कहा कि खुले स्थान पर मांगलिक कार्यक्रम में 100 और बंद हाल में एक समय में 50 से अधिक लोग एकत्र नहीं हो सकेंगे। धार्मिक स्थलों में एक बार में पांच से अधिक लोग प्रवेश नहीं कर सकेंगे।
एडीएम राकेश कुमार सिंह ने बताया कि कोरोना के बढ़ते संक्रमण को लेकर जारी शासन के आदेश पर शत-प्रतिशत अमल कराया जाए। कार्यक्रम में फेस मास्क, सामाजिक दूरी, थर्मल स्क्रीनिंग, सैनिटाइजर और हैंडवाश की उपलब्धता आवश्यक है। किसी भी कार्यक्रम से पहले प्रशासनिक अनुमति जरूरी है।
सभी सरकारी व निजी कार्यालयों और औद्योगिक इकाईयों सहित सभी प्रतिष्ठानों में कोविड हेल्प डेस्क और उसका नियमित संचालन अनिवार्य है। कोविड नियमों का पालन पुलिस कर्मियों को भी करना होगा। रेलवे स्टेशन पर यात्रियों की थर्मल स्क्रीनिंग के साथ एंटीजन व आवश्यक होने पर आरटीपीसीआर टेस्ट कराया जाए। बैठक में एसडीएम न्यायिक अंकित शुक्ला, सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार, सीओ सिटी कृपाशंकर सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
खुले स्थानों पर लगेगी मंडी
मंडियों का संचालन खुले स्थान पर किया जाएगा। फुटकर बिक्री के चलते भीड़भाड़ न लगने पाए। फुटकर और थोक दुकानों का समय अलग-अलग रखा जाए, ताकि भीड़ न लगे। प्रमुख मंडियों में सुबह 4 बजे से 8 बजे तक थोक खरीद और माल की लोडिंग-अनलोडिंग की जाएगी।