उन्नाव। पंचायत चुनाव के दावेदार पंडितों के पास पहुंचकर नामांकन का शुभ मुहुर्त पूछ रहे हैं। दावेदार ग्रह नक्षत्र की स्थिति देखकर नामांकन करना चाहते हैं। नवरात्र के पहले दिन ज्यादातर दावेदार पर्चा दाखिल करने की तैयारी में लगे हैं।
जिले में 26 अप्रैल को मतदान होना है। इसके लिए नामांकन प्रक्रिया मंगलवार से शुरू होनी है। संयोग की बात यह है कि मंगलवार से ही नवरात्र भी शुरू हो रहे हैं। इस कारण दावेदार अपनी जीत सुनिश्चित करने के लिए शुभ मुहुर्त में नामांकन कराने की तैयारी कर रहे हैं। दावेदार अपनी-अपनी कुंडली में जीत का राजयोग तलाश रहे हैं। प्रत्याशी ज्योतिषाचार्य और पंडितों को अपनी कुंडली दिखवा रहे हैं। आचार्यों से जीत का मूल मंत्र देने के साथ ही धार्मिक अनुष्ठान करा रहे हैं। शहर के एक ज्योतिषाचार्य का कहना है कि उनके पास कई दावेदार अपनी कुंडली लेकर आ चुके हैं। ग्रह नक्षत्रों का मिलान कराकर नामांकन की तिथि निकलवा रहे हैं।