उन्नाव। जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में शनिवार को मरीजों की भीड़ रही। सुबह आठ बजे से सैंपल देने के लिए लाइन में लगे कई मरीजों का जब दोपहर डेढ़ बजे नंबर आया तो सर्वर चला गया। यह सुनकर मरीजों ने हंगामा किया। दो बजे तक सैंपल न होने से 25 मरीज मायूस लौट गए।
जिला अस्पताल की पैथोलॉजी में सर्वर की समस्या शनिवार सुबह से रही। इसी कारण सैंपल लेने में भी देरी हुई। दोपहर डेढ़ बजे जब सैंपल लेना बंद हो गया तो इंतजार में मौजूद मरीजों व उनके तीमारदार नाराज हो गए। करीब आधे घंटे तक हंगामा और शोरशराबा होता रहा। मरीजों ने आरोप लगाया कि ओपीडी में डॉक्टर को दिखाया तो उन्होंने खून की जांच कराने की सलाह दी। सैंपल देने के लिए कई घंटे से इंतजार कर रहे थे लेकिन जब नंबर आया तो सर्वर की दिक्कत बताई जा रही है।
मरीजों का कहना था कि स्वास्थ्य कर्मियों ने सैंपल अधिक होने और सर्वर न आने का हवाला देकर सोमवार को आने के लिए कहा। जांच जरूरी होने के कारण कुछ मरीजों को निजी पैथोलॉजी से जांच करानी पड़ी, जबकि जिला अस्पताल में 148 मरीजों का खून का सैंपल जांच के लिए लिया गया।
बोले मरीज
रसूलपुर के सचिन ने बताया कि उन्हें पेट संबंधी दिक्कत है। डॉक्टर ने जांच कराने की बात कही है। पैथोलॉजी में सुबह नौ बजे लाइन में लग गईं थीं, लेकिन जब नंबर आया तो स्वास्थ्य कर्मियों ने अगले दिन आने की बात कहकर चलता कर दिया।
ऐतबारपुर के आशीष मिश्रा ने बताया कि जिला अस्पताल में अस्थि रोग विशेषज्ञ को दिखाया तो उन्होंने खून की जांच लिखी। 11 बजे पैथोलॉजी में सैंपल देने के लिए लाइन में लग गए। डेढ़ बजे तक उनका सैंपल नहीं लिया गया। मायूस होकर लौट गए।
आधे घंटे पहले डेढ़ बजे सैंपल लेना क्यों बंद किया... कराएंगे जांच : सीएमएस
सीएमएस डॉ. आरए मिर्जा ने बताया कि पैथोलॉजी में दो बजे तक सैंपल लेने के निर्देश पहले से ही दिए गए हैं। डेढ़ बजे मरीजों का सैंपल क्यों नहीं लिया गया, इसकी जांच कराई जाएगी। इसके बाद संबंधित पर कार्रवाई की जाएगी।