आसीवन। थाना क्षेत्र के कूरेमऊ गांव में बालिका का शव बाग में दुपट्टे के सहारे पेड़ से लटका मिला। पिता ने बड़ी बहन से कहासुनी के बाद बच्ची के जान देने की जानकारी पुलिस को दी और पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।
कूरेमऊ निवासी प्रेम ने बताया कि उसकी पुत्री बबली (10) का सोमवार दोपहर बड़ी बहन कोमल से कम खाना देने को लेकर झगड़ा हो गया था। बड़ी बहन की डांट से क्षुब्ध होकर बबली शाम को घर से चली गई थी। रात तक न लौटने पर उसकी तलाश की लेकिन कुछ पता नहीं चला। मंगलवार सुबह ग्रामीणों ने गांव से लगभग 500 मीटर दूर बबली का शव आम के बाग में दुपट्टे से लटका देखा। रसूलाबाद चौकी प्रभारी प्रवीण पुंज मौके पर पहुंचे और परिजनों से पूछताछ की। परिजनों ने आत्महत्या की बात कहकर पोस्टमार्टम कराने से इनकार कर दिया।