उन्नाव। पिछले 24 घंटे में जनपद में 15 मिमी बारिश हुई है। मध्यम गति से चली हवाओं से मौसम सुहाना हो गया। वहीं इस बारिश से शहरवासियों की मुश्किलें बढ़ गईं। जायद की फसलों को नुकसान पहुंचा है।
मंगलवार शाम से बुधवार शाम तक कई बार कभी तेज तो कभी मध्यम गति से बारिश हुई। कलक्ट्रेट से मिले आंकड़ों के मुताबिकसबसे ज्यादा सफीपुर तहसील में 35 मिमी पानी बरसा। दूसरे नंबर पर हसनगंज में 16, सदर में 7 और पुरवा में 3 मिमी बारिश हुई। इस बारिश से अधिकतम तापमान 27 और न्यूनतम 23 डिग्री पर पहुंच गया। इससे लोगों को गर्मी से राहत मिली।
शहर में गलियों से लेकर मुख्य मार्गों तक में जलभराव रहा। शिवनगर, पूरननगर, कृष्णानगर, बंधूहार में सीवर लाइन डालने के लिए खोदी गई सड़कों के बाद मरम्मत के नाम पर डाली मिट्टी से इस बारिश में मुश्किलें बढ़ गईं। जगह- जगह मिट्टी ने दलदल का रूप ले लिया। इससे लोगों को आवागमन में दिक्कतों का सामना करना पड़ा। कचौड़ी गली, कल्याणी, रामपुरी, पीडीनगर, शेखपुर नरी में गलियों जलभराव की चपेट में रहीं। इस बारिश से विद्युत लाइन भी ब्रेकडाउन में रहीं। इससे शहर से ग्रामीण क्षेत्रों में घंटों बिजली गुल रही।
बारिश से जायद की फसलें मक्का, उर्द, मूंग व सब्जियों को नुकसान पहुंचने की आशंका जताई गई है। जिला कृषि अधिकारी कुलदीप मिश्रा ने किसानों को सलाह दी है कि जायद की खड़ी फसलों से अत्यधिक वर्षा जल निकास का उचित प्रबंध कर लें। इस दौरान हवाओं की गति तेज रहने के कारण पशुओं को पेड़ के नीचे न बांधने की सलाह भी दी है।