कर्बला स्थित गंगा के पानी से घिरा एक घर,
- फोटो : अमर उजाला
शुक्लागंज के कई निचले इलाकों में सैलाब का पानी पहुंच गया है। इसके अलावा बांगरमऊ, सफीपुर, गंजमुरादाबाद, सिकंदरपुर कर्ण, सुमेरपुर ब्लाक क्षेत्रों में गंगा से सटे गांवों में पानी घुसने लगा है। कर्बला गांव में गंगा का पानी घुसने से लोग पलायन करने को मजबूर होने लगे है। मोहल्ले के करीब डेढ़ सौ घरों में जलभराव हो गया है। केंद्रीय जल आयोग के अनुसार अभी और पानी बढ़ने की आशंका है।
शुक्रवार सुबह 111.950 मीटर पर बह रही गंगा नदी शाम पांच बजे तक चेतावनी बिंदु को पार करते हुए 112.040 मीटर तक चढ़ गई। गंगा का जलस्तर बढ़ने से किनारे बसे गांवों में पानी घुस गया। कर्बला गांव में गंगा का पानी घुसा जिससे करीब डेढ़ सौ घरों के एक हजार से अधिक लोग प्रभावित हुए है। लोग आवागमन के लिए नावों का प्रयोग कर रहे है। कुछ लोग छतों पर खाना बनाने और सोने को मजबूर है।
कर्बला के रहने वाली शाहजहां बेगम, अफ साना, रईस बानो, नगमा, निदा ने बताया कि उनके घरों में पानी घुस गया है। दिन में काम चल जाता है लेकिन रात काटे नहीं कटती क्योंकि डर सताता रहता है कि पता नहीं कब पानी बढ़ जाएं और उनके साथ कोई हादसा हो जाए। इसके चलते परिवार का एक सदस्य जागने को मजबूर है। जिला प्रशासन की ओर से अभी कोई मदद लोगों को नहीं मिली है।
अजय पाल, जहीर, छोटेलाल, मो. तनवीर ने बताया कि नगर में रहने वाले उनके रिश्तेदारों के यहां परिवार के सदस्यों को छोड़ रखा है। जबकि वह स्वयं घरों की रखवाली कर रहे है। नावे लगा दी गई है ताकि इमरजेंसी में किसी की मदद की जा सके। केंद्रीय जल आयोग गंगाघाट के अनुसार गंगा का जलस्तर शाम को स्थिर हुआ था लेकिन उसके बाद पुन: गंगा में पानी बढ़ना शुरू हो गया है। गंगा का चेतावनी बिंदु 112 मीटर है जिसे गंगा ने पार कर लिया है जबकि खतरे का निशान 113 मीटर है।