नोडल अफसर धीरज साहू के रात्रि विश्राम को लेकर सरांय मलकादिम गांव में वीआईपी व्यवस्था की गई है। साफ-सफाई के साथ स्कूल में रंगरोगन करके चमकाया गया। साहब के रुकने में निर्बाध बिजली व्यवस्था के लिए जनरेटर की व्यवस्था की गई है। लंबे समय से गंदे पडे़ शौचालय भी चमक रहे हैं।
गुरुवार को जिले के नोडल अफसर व राजस्व परिषद के आयुक्त धीरज साहू सबसे पहले नवाबगंज पक्षी विहार पहुंचे। उन्होंने राजस्व विभाग के अधिकारियों के साथ बैठक की और अभिलेख जांचे। वह गुरुवार शाम 7.15 बजे हसनगंज विकासखंड की ग्राम पंचायत सराय मलकादिम पहुंचे। साहब की अगवानी के लिए गांव के प्राइमरी विद्यालय को चमकाया गया है। बाहर परिसर में एक टेंट लगाकर साहब व उनकी टीम के लिए मेज कुर्सियों की व्यवस्था की गई थी। इसके अलावा विद्यालय के एक कमरे में बिस्तर सोफा डलवाए गए हैं। नोडल अफसर ने गांव पहुंचते ही मत्स्य पालन के लिए तालाबों की जानकारी ली। पता चला कि जो तालाब दिए गए हैं उनमें पानी ही नहीं है। उन्होंने पानी की व्यवस्था कराने के निर्देश दिए हैं। इसके बाद आवास के लिए दी गई पट्टे की जमीन के बारे में पूछताछ की। अधिकारियों ने बताया कि गांव में 44 लोहिया, 31 इंदिरा आवास हैं। इसके अलावा 270 शौचालय हैं। नोडल अधिकारी ने एक-एक आवास के बारे में पूछताछ की और शौचालय के बारे में भी पूछा। इसके अलावा अभिलेखों का भी जायजा लिया।
इंसेट-1
‘साहब के आने पर गांव चमन हो गया’
ग्रामीणों ने बताया कि साहब के आने से गांव चमन हो गया है। इससे पहले कभी भी इस तरह से गांव को चमकाया नहीं गया। स्कूल का शौचालय तो दूर से ही बदबू देता थ,ा लेकिन अधिकारी के आने से उसे चमका दिया गया। बताया कि गांव के दो मजरों जव्वादखेड़ा व एक अन्य में अभी तक बिजली नहीं पहुंच पाई है। इस पर किसी ने ध्यान नहीं दिया। साहब को दिखाने के लिए जनरेटर की व्यवस्था कर दी गई। नोडल अफसर के कार्यक्रम के दौरान डीएम सौम्या अग्रवाल, सीडीओ संदीप कौर, पीडी डीआरडीए रामकृपाल चौधरी, डीडीओ एनबी सविता, डीसी मनरेगा राजेश मिश्र समेत अन्य अधिकारी व कर्मचारी मौजूद रहे।