परियर। पिछले कई महीनों से लगातार लो-वोल्टेज की समस्या झेल रहे परियर के ग्रामीणों का धैर्य जवाब दे गया। ग्रामीण परियर-सफीपुर तिराहे पर धरने पर बैठ गए। इसकी जानकारी पर कार्यदायी संस्था के इंजीनियर ने एक सप्ताह में सुधार का आश्वासन देकर धरना समाप्त कराया।
विद्युत उपखंड सफीपुर से संचालित परियर गांव में पिछले कई माह से लो-वोल्टेज की समस्या है। इसके चलते ग्रामीणों के बिजली उपकरण नहीं चल पा रहे हैं। ऐसी चिलचिलाती गर्मी में लोगों को काफी परेशानी झेलनी पड़ रही है। इसको लेकर ग्रामीणों ने कई बार अधिकारियों से समस्या के निदान की मांग की लेकिन किसी ने ध्यान नहीं दिया। आखिरकार ग्रामीण हरिनारायण पांडेय, रविप्रकाश राठौर, शिवबरन पाल, सरोज मिश्र, शुभम, दिनेश सैनी, छुन्ना अवस्थी व वीरेंद्र कनौजिया ने परियर-सफीपुर तिराहे पर मंगलवार को धरना दिया।
ग्रामीणों ने बिजली विभाग के खिलाफ नारेबाजी की। मामले की जानकारी पर मौके पर पहुंचे कार्यदायी संस्था के इंजीनियर जैद खान ने एक सप्ताह में समस्या के निराकरण का आश्वासन देकर धरने को समाप्त कराया। सफीपुर उपखंड के अवर अभियंता दिलीप गुप्ता ने बताया क्षेत्र में रीवैंप योजना के तहत जर्जर तार बदलने सहित अन्य कार्य कराए जा रहे हैं। इसमें कार्यदायी संस्था नेशन यूनिवर्सल की ओर से लापरवाही बरती जा रही है। इससे काम तेजी नहीं पकड़ पा रहा है। पूर्व में कार्यदायी संस्था को कई पत्र जारी करके लोगों को हो रही समस्या के बारे में अवगत भी कराया जा चुका है। फिर से संस्था के अधिकारियों को पत्र भेजकर समस्या का निस्तारण कराया जाएगा।