मियागंज ग्राम पंचायत बनौनी के मजरा रामपुर कला गांव के पास से शारदा नहर आसीवन ब्रांच पर बनाए बांस ?
- फोटो : UNNAO
चकलवंशी(उन्नाव)। अफसरों व जनप्रतिनिधियों से गुहार लगा-लगाकर थक जानेवाले ग्रामीणों ने आखिरकार शासन-प्रशासन को आईना दिखाते हुए खुद ही आवागमन लिए बांस का पुल बना लिया। रविवार को बनाए गए इसी पुल से ग्रामीण आवागमन कर रहे हैं। हालांकि आवागमन में उन्हें जानजोखिम में डालनी पड़ रही है।
विकासखंड मियागंज क्षेत्र की ग्राम पंचायत बनौनी के मजरा रामपुर कला गांव के पास से शारदा नहर आसीवन ब्रांच निकली है। जिस पर बना पक्का पुल करीब 10 वर्ष पूर्व टूट गया था। ग्रामीणों ने कई बार उच्चाधिकारियों को लिखित व मौखिक शिकायती पत्र दिया। जनप्रतिनिधियों से भी गुहार लगाई। चुनाव के दौरान मतदान बहिष्कार भी किया था। हालांकि जब तक पानी कम रहा तब तक ग्रामीण व बच्चे पानी मंझाकर दूसरे छोर जाते रहे। फिर विभाग ने नहर में पानी छोड़ा तो प्रवाह तेज हो गया। इससे लोगों के साथ दूसरे छोर पर जाने की समस्या विकराल हो गई। यह देख ग्रामीणों ने फिर अफसरों से विनती की लेकिन अफसरशाही ने ग्रामीणों की समस्या पर ध्यान नहीं दिया। इसके बाद ग्रामीण एकजुट हुए और आपस में चंदा एकत्रित किया। इसके बाद नहर पर रविवार को 100 मीटर दूरी का बांस का पुल बनाया। ग्रामीणों में रामसागर, केशन, नन्ही व शिवप्यारी आदि ने बताया कि नहर पार जाने के लिए हम लोगों ने चंदा करके बांस का पुल बनाया है। हालांकि इससे आवागमन करने में डर लगता है लेकिन इसके बाद भी अन्य व्यवस्था न होने से जानजोखिम में डालकर नहर पार करने को मजबूर होना पड़ रहा है।
प्राथमिक विद्यालय नहर के दूसरे छोर पर करीब एक किमी बनौनी गांव में स्थित होने से नौनिहाल छात्र बांस का पुल पार करने को विवश हैं। वहीं, किसान मवेशियों के लिए चारा आदि सिर पर रखकर ले जाने को मजबूर हैं।
-लोनिवि के अधीक्षण अभियंता मन्नीलाल ने बताया कि सभी विधानसभा क्षेत्रों में 16 लघु सेतु को मंजूरी मिली है। दिखवाया जाएगा अगर यहां के लिए लघु सेतु को मंजूरी नहीं मिली है तो मुख्यालय को प्रस्ताव भेजकर जल्द से जल्द समस्या को हल किया जाएगा। ग्राम प्रधान श्याम सुंदर ने बताया कि नहर विभाग से पुल निर्माण को मंजूरी मिल गई है। कुछ कार्य भी शुरू हो गया था। इसी बीच नहर में पानी छोडे़ जाने से काम बंद हो गया है।