उन्नाव। वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए मुख्यमंत्री अखिलेश यादव से सीधा संवाद के लिए डीएम, सीडीओ ने किसानों के साथ सीधा संवाद किया। हालांकि जिले के किसानों को निराशा ही हाथ लगी क्योंकि लखनऊ मंडल में केवल एक ही जिले का चयन किया गया। कांफ्रेंसिंग के जरिए किसानों को उन्नति खेती के गुर बताए गए।
बुधवार सुबह 10.30 बजे के करीब वीडियो कांफ्रेंसिंग शुरू हुई। डीएम, सीडीओ समेत कृषि विभाग के अधिकारियों के साथ भारी संख्या में किसान मौजूद रहे। मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के कांफ्रेंसिंग में आने से पहले कृषि वैज्ञानिकों ने किसानों को खेती-किसानी के बारे में आवश्यक जानकारी दी।
कुछ समय बाद पहुंचे सीएम ने किसानों के सवाल के जवाब किए। इस दौरान किसानों ने ओलावृष्टि व बारिश से तबाह हुई फसलों के मिलने वाले मुआवजे में हो रही धांधली के सवाल उठाने चाहे लेकिन इस पर ध्यान न देकर खरीफ सीजन की फसलों की पैदावार बढ़ाने पर ध्यान देने को कहा गया। सीएम की वीडियो कांफ्रेंसिंग में जिले का नंबर नहीं आया। इससे वहां पर मौजूद डीएम समेत अन्य अधिकारियों ने राहत की सांस ली।