उन्नाव। नौ साल पहले हुए जानलेवा हमले और मारपीट के एक मामले में पीड़ित अपने बयानों से मुकर गया। घटना के वादी ने भी न्यायालय में लोगों के बहकावे में आकर प्राथमिकी दर्ज कराने की बात कही। इस पर न्यायाधीश ने आरोपियों को दोषमुक्त कर वादी और पीड़ित को झूठी गवाही देने के लिए कारण बताओ नोटिस जारी किया है।
यह मामला पुरवा थानाक्षेत्र के दलीगढ़ी मोहल्ला का है। 12 मई 2017 को अजय प्रताप सिंह ने पुलिस को तहरीर दी थी। उन्होंने बताया कि शाम करीब छह बजे वह अपने भाई अजीत प्रताप सिंह के साथ खेत का जेसीबी से समतलीकरण करा रहे थे। तभी वजीरगंज निवासी चौबे सोनकर, उनके बेटे सुभाष, अजय और रिंकू ने गालीगलौज की। विरोध करने पर रिंकू ने तमंचे से फायर किया और अजय सोनकर ने अजीत पर चाकू से हमला कर दिया। पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज कर आरोप पत्र दाखिल किया। विचारण के दौरान आरोपी सुभाष की मौत हो गई। न्यायालय में अभियोजन पक्ष पर्याप्त साक्ष्य पेश नहीं कर सका।
न्यायालय में वादी अजय प्रताप और घायल अजीत प्रताप ने पहले तमंचे से फायर और चाकू से वार की बात कही थी। जिरह के दौरान अजय प्रताप सिंह ने बताया कि अजीत भीड़ के धक्के से जेसीबी की तरफ गिरा और चोट लगी। पीड़ित अजीत ने भी हमला करने की बात नकार दी। घटना के प्रत्यक्षदर्शी ने भी मौके पर मौजूद होने से इंकार किया। इस पर न्यायाधीश ने चौबे सोनकर, अजय और रिंकू को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया।
मुकदमे की सुनवाई के दौरान सत्र न्यायाधीश सतेंद्र कुमार ने तल्ख टिप्पणी की। उन्होंने कहा कि आपराधिक मामले में अभियोजन को अपना मामला संदेह से परे साबित करना होता है। वादी और घायल के बयानों में भारी विरोधाभास है। यदि कोई साक्षी न्यायिक प्रक्रिया को विकृत करने के लिए झूठी गवाही देता है, तो न्यायालय मूकदर्शक नहीं रहेगा।