शुक्लागंज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के शक्ति नगर मोहल्ले में फाइनेंस कर्मी का शव शनिवार की सुबह घर में फंदे से लटका मिला। शव लटका देखकर परिजनों में कोहराम मच गया। घर वालों का कहना है कि इधर कई दिनों से वह किसी बात को लेकर तनाव में रहता था। सूचना मिलने पर पुलिस ने जांच पड़ताल के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
शक्ति नगर मोहल्ला निवासी हरिश्चंद्र का पुत्र दीपचंद्र (37) शुक्लागंज के श्री मोटर्स में फाइनेंस का काम करता था। शनिवार की सुबह उसका शव कमरे में फंदे से लटका मिला। पिता ने पुलिस को बताया कि कई दिनों से बेटा किसी बात को लेकर तनाव में था। रात में खाना खाने के बाद वह कमरे में सोने चला गया। सुबह देर तक कमरे से न निकलने पर घर वाले पहुंचे तो शव फंदे पर लटका देखा। बेटे की शादी 2017 में नेहा से हुई थी, उसके पांच वर्षीय बेटी अंजलि उर्फ गुनगुन है। उधर, गंगाघाट कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अजय कुमार सिंह ने बताया कि आत्महत्या की वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। उधर, युवक की मौत से परिजनों में कोहराम मचा है। घर वालों का रो-रोककर हाल बेहाल है।
छात्र को उसके साथियों ने बेल्टों से पीटा
शुक्लागंज। गंगाघाट कोतवाली क्षेत्र के गंगानगर स्थित एक स्कूल के मोड़ के पास शुक्रवार को दोपहर साइकिल से जा रहे दसवीं कक्षा के छात्र को उसकी ही कक्षा के दूसरे छात्र ने साथियों के साथ बेल्टों से जमकर पीटा, पिटाई से उसका सिर फट गया। हमलावर छात्रों ने मारपीट का वीडियो भी बनाया है। हालांकि संवाद न्यूज एजेंसी इसकी पुष्टि नहीं करता है।
मोहल्ला पीपरखेड़ा निवासी रामकुमार ने पुलिस को दी तहरीर में कहा कि उनका बेटा गंगानगर स्थित एक स्कूल में दसवीं कक्षा का छात्र है। शुक्रवार को दोपहर साइकिल से घर लौट रहा था। तभी रास्ते में उसकी कक्षा के ही एक छात्र ने अपने साथियों के रोककर गालीगलौज की। विरोध करने पर बेल्टों से उसकी पिटाई की, जिससे उसका सिर फट गया। उधर, कोतवाली प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर मिली है, मामले की जांच की जा रही है। (संवाद)