उन्नाव। दो पालियों में शिक्षक पात्रता परीक्षा होने से परीक्षार्थियों के आने और जाने से शहर में पूरे दिन जाम के हालात रहे। जिला अस्पताल से आईबीपी चौराहा तक एक किमी का सफर तय करने में वाहन सवारों को आधा घंटा का समय लग गया। शहर के विभिन्न मार्गों पर पुलिस द्वारा बैरियर लगाने से गांधी नगर तिराहा से बड़ा चौराहा तक मार्ग पर जाम के हालात अधिक खराब रहे।
बुधवार को दो पालियों में आयोजित होने वाली शिक्षक पात्रता परीक्षा के लिए शहर में 15 सेंटर निर्धारित किए गए थे। परीक्षार्थियों को आने-जाने में कोई समस्या न हो इसके लिए पुलिस ने सुरक्षा के साथ यातायात संबंधी कड़े इंतजाम किए गए थे। गांधी नगर तिराहा से बड़ा चौराहा के बीच अन्य मार्गों पर वाहनों के आवागमन को रोकने के लिए पुलिस ने सुबह से ही बैरियर लगा दिए। सुबह 10 बजे प्रथम पाली की परीक्षा थी। 9 बजे से ही परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ना शुरू हो गई। जिससे शहर में जाम के हालात बन गए।
जिला अस्पताल रोड से बड़ा चौराहा तक वाहनों को रेंगकर निकलना पड़ा। छोटा चौराहा पर मार्ग संकरा होने से यहां जाम के हालत अधिक बिगड़े दिखाई दिए। पुलिस दोपहर 12:30 बजे आवागमन शुरू करा पाई। दो घंटे तक आवागमन सामान्य रहने के बाद दोपहर 2:30 बजे दूसरी पाली की परीक्षा के चलते परीक्षार्थियों की भीड़ उमड़ने से फिर से जाम के हालात बन गए। शाम 5 बजे परीक्षा छूटने के बाद शाम 6:30 तक जाम खुलवाने में पुलिस को मशक्कत करनी पड़ी।