उन्नाव। इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत छात्रों के चल रहे नामांकन में लखनऊ मंडल में जिले को चौथा स्थान मिला है। लखनऊ मंडल में छह जिले हैं। 15 जून से शुरू हुई नामांकन प्रक्रिया 15 सितंबर तक चली। जिले में 5102 नामांकन हुए हैं।
डीआईओएस सुनीलदत्त ने बताया कि इंस्पायर अवार्ड मानक योजना के तहत कक्षा छह से 12 तक के छात्रों की नामांकन प्रक्रिया 15 जून से शुरू हुई थी। शिक्षकों से अधिक से अधिक नामांकन कराने के निर्देश दिए जा रहे थे। इंस्पायर अवार्ड योजना में एक स्कूल से पांच छात्रों को नामांकन करना था। जिले में माध्यमिक शिक्षा परिषद से राजकीय, सहायता प्राप्त और वित्तविहीन मिलाकर 414 स्कूल हैं। इनमें 1.10 लाख छात्र-छात्राएं अध्ययनरत हैं। इस हिसाब से 2070 छात्र ही होने चाहिए थे, फिर भी जिले से तीन हजार से अधिक छात्रों ने आवेदन किया।
पहले कक्षा छह से 10 तक के छात्र इसमें आवेदन कर सकते थे, लेकिन इस बार इंटरमीडिएट तक के छात्रों को मौका दिया गया था। योजना के मुख्य उद्देश्य छात्रों की नवीन और रचनात्मक सोच को बढ़ावा देना है। विज्ञान और प्रौद्योगिकी में छात्र-आधारित नवाचारों को प्रोत्साहित करना है। इसमें छात्र दो से तीन नवोन्मेषी विचारों को ऑनलाइन माध्यम से नामांकित करते हैं। इसका चयन जिला और राज्य स्तर पर होता है। चयनित छात्र जिला, राज्य और राष्ट्रीय स्तर की प्रदर्शनियों में भाग लेते हैं। चयनित छात्रों को डीबीटी के माध्यम से 10,000 रुपये से पुरस्कृत भी किया जाता है।