हसनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में डॉक्टर से जानकारी लेते अपर मुख्य सचिव एमवीएस रामी रेड्डी?
- फोटो : UNNAO
हसनगंज। सरकार की योजनाओं और कोविड-19 के तीसरी लहर की तैयारियां का जायजा लेने आए अपर मुख्य सचिव उद्यान एवं खाद्य प्रसंस्करण व जिले के नोडल अधिकारी ने ऑक्सीजन कंसंट्रेटर की क्षमता न बता पाने पर प्रभारी को जमकर फटकार लगाई। यहां तक कह दिया कि जब कंसंट्रेटर की क्षमता ही नहीं पता तो यहां क्या कर रहे हो।
अपर मुख्य सचिव एमवीएस रामी रेड्डी अपने चार दिवसीय दौरे के तहत शनिवार को सीधे हसनगंज पहुंचे। पहले संपूर्ण समाधान दिवस में पहुंचकर आम जनता की शिकायतें सुनी। फिर सीधे हसनगंज सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंच गए। यहां वैक्सीन कोल्डचेन रूम का निरीक्षण किया। तापमान मानक से कम मिलने पर उन्होंने स्वास्थ्य केंद्र प्रभारी डॉ. दिनेश से नाराजगी जताई। इसके बाद पूर्व सांसद अन्नू टंडन द्वारा भेंट किए गए ऑक्सीजन कंसंट्रेटर को देखा। वहां पर मौजूद प्रभारी से कंसंट्रेटर की क्षमता के बारे में पूछा जिस पर डॉ. दिनेश कोई जवाब नहीं दे सके।
अपर मुख्य सचिव ने केंद्र प्रभारी से तल्ख लहजे में कहा कि जब आपको कंसंट्रेटर की क्षमता की जानकारी नहीं है तो यहां क्या कर रहे हैं। उन्हें स्वास्थ्य केंद्र में कई अन्य खामियां मिलीं। चिकित्सालय परिसर में बारिश के पानी की निकासी सही न होने और कई जगह गड्ढों में पानी भरे होने पर दुरुस्त कराने और सीएचसी में बेड बढ़ाने को कहा।
योजनाओं का लाभ मिलने की ग्रामीणों से ली जानकारी
अपर मुख्य सचिव ने मौला बांकीपुर में चौपाल लगाकर गांव में कराए गए विकास कार्यों की समीक्षा की। ग्रामीणों से आवास, पेंशन, पानी, शौचालय व बिजली की जानकारी ली। एक दिव्यांग को सरकारी योजनाओं का लाभ दिलाने को कहा। अधिकारियों को निर्देश दिए कि योजना में अपात्र शामिल हो तो जिम्मेदारों पर कार्रवाई करें। प्रभारी बीडीओ मनरेगा उपायुक्त राजेश झा, एडीओ पंचायत लल्लू लाल, प्रमोद शर्मा व ग्राम विकास अधिकारी मृगांक गौतम भी मौजूद रहे।