नवाबगंज(उन्नाव)। कुवैत में नौकरी करने वाले युवक ने फेसबुक पर मेरठ की शादीशुदा महिला से पहले दोस्ती की फिर अपने भाई के जरिए उसके दो बच्चों के साथ घर बुला लिया। कुछ दिन घर पर रखने के बाद भाई महिला को कानपुर स्टेशन पर ट्रेन में मेरठ जाने के लिए बैठाकर लौट आया। महिला ने पति को फोन कर खुद की जान खतरे में बताई तो पुलिस की मदद से फोन लोकेशन के आधार पर पति अजगैन पहुंचा और कुवैत में रह रहे युवक के भाई व अन्य परिजनों से जानकारी ली। मेरठ पुलिस स्थानीय पुलिस की मदद से जांच कर लापता महिला की तलाश कर रही है।
मेरठ के भावनपुर थाना के मेडिकल इलाके में रहने वाले एक युवक ने 27 जुलाई 2021 को पत्नी के अचानक घर से लापता होने की गुमशुदगी दर्ज कराई थी। कुछ दिन पहले पति को फोन कर महिला ने खुद की जान खतरे में होने की बात कही। पति की सूचना पर भावनपुर थाना पुलिस ने फोन की लोकेशन ट्रेस की तो अजगैन थाना के सेवरा गांव की निकली। मेरठ के भावनपुर थाने के उपनिरीक्षक सुरेश कुमार पुलिस टीम के साथ अजगैन थाना और बाद में सेवरा गांव पहुंचे। पुलिस ने कुवैत में रह रहे युवक के भाई व अन्य परिजनों से पूछताछ की। युवक ने बताया कि वह भाई के कहने पर महिला को 27 जुलाई को अपने घर लाया था। वह कुछ दिन यहां रही और फिर घर जाने की बात कही। इसपर उसे मेरठ जाने के लिए कानपुर रेलवे स्टेशन ट्रेन में बैठाया था।
पुलिस के साथ आए लापता महिला के पति ने बताया कि उसकी पत्नी अभी तक घर नहीं पहुंची है। लापता होने से लगभग एक माह पहले से उसकी फेसबुक व मैसेंजर व मोबाइल के जरिए किसी से बात करती थी। जानकारी होने पर उसका मोबाइल ले लिया था। इसके बाद वह दोनों बच्चों को घर से लेकर चली गई थी। उसे शक है कि भगाने वाला युवक यहीं कहीं रहता है। पुलिस टीम जांच कर रही है कि आखिर लापता महिला कहां है।