सफीपुर। पीखी गांव के पास शारदा नहर में दोस्त के साथ नहाने गए युवक की डूबकर मौत हो गई। गोताखोरों ने दो घंटे की मशक्कत के बाद नहाने के स्थान से सौ मीटर दूर से युवक का शव बरामद किया।
शुक्लागंज कस्बे के मोहल्ला इंद्रानगर निवासी मोहम्मद का पुत्र इब्राहिम (30) कानपुर के मोहल्ला छावनी निवासी दोस्त फैजान के साथ कस्बे में पिकनिक मनाने आया था। आम के बाग में घूमने के बाद दोनों पीखी गांव के पास शारदानहर में नहाने लगे। गहराई में जाने पर इब्राहिम की डूब गया। दोस्त फैजान के शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोग वहां पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने गोताखोरों को बुलाकर तलाश शुरू कराई। दो घंटे बाद डूबने वाले स्थान से करीब सौ मीटर दूर इब्राहिम का शव मिला।
दोस्त फैजान ने बताया कि वह दोनों घूमने के लिए निकले थे। मृतक की मां नजमा ने बताया कि दो बहनों में वह अकेला भाई था। फिलहाल उसने किसी पर कोई आरोप नहीं लगाया है।