उन्नाव। कोरोना वायरस के डेल्टा और डेल्टा प्लस वैरिएंट का दायरा तेजी से बढ़ रहा है। दूसरे प्रदेशों में संक्रमण के वैरिएंट से संक्रमित मरीजों के मिलने के बाद स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट किया गया है। रेलवे और बस स्टेशन पर जांच का दायरा बढ़ाने के साथ यात्रियों के सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग (वायरस का नया प्रकार पता करने वाली जांच) कराने के निर्देश दिए गए हैं।
सीएमओ कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार ने बतया कि डेल्टा वैरिएंट बेहद खतरनाक है। जिले में भले ही अब तक नए स्वरूप से संक्रमित मरीज न मिले हों लेकिन पड़ोसी राज्यों में मामले तेजी से बढ़ रहे हैं। दिल्ली, केरल, पश्चिम बंगाल, आंध्र प्रदेश व छत्तीसगढ़ में नए वैरिएंट से संक्रमित मरीज मिले हैं।
ऐसे में इन राज्यों से आने वालों का जांच का दायरा बढ़ाने के निर्देश दिए गए हैं। नए वैरिएंट की पहचान के लिए रेलवे और बस स्टेशन से लिए जाने वाले सैंपल की जीनोम सिक्वेंसिंग भी होगी। साथ ही दूसरे राज्यों से आने वालों को 14 दिन निगरानी में भी रखा जाएगा। रेलवे और बस स्टेशन पर मेडिकल टीम की संख्या भी बढ़ाई जाएगी।