उन्नाव। स्वास्थ्य विभाग में संबद्धता समाप्त करने के शासन के आदेश के बाद अलग-अलग स्वास्थ्य विभाग में संबद्ध डॉक्टरों की सीएमओ ने सूची तैयार कराई है। इसमें 12 डॉक्टर ऐसे हैं जिनकी संबद्धता समाप्त कर मूल तैनाती स्थल पर भेजा जाएगा।
स्वास्थ्य विभाग में कई ऐसे कर्मी व डॉक्टर हैं जिनकी तैनाती कहीं है और संबद्ध दूसरे स्थान पर हैं। कोरोना संक्रमण की लहर में इलाज में डॉक्टरों की कमी न हो इसके लिए शासन ने संबद्धता समाप्त कर दी है। स्वास्थ्य विभाग ने पहले चरण में ऐसे 12 डॉक्टरों की सूची तैयार की है। शासन को इन डॉक्टरों की सूची भेज दी गई है। स्वास्थ्य अधिकारियों के अनुसार सभी डॉक्टर जल्द ही रिलीव कर दिए जाएंगे। उसके बाद उन्हें मूल तैनाती स्थल पर भेजा जाएगा।
सीएमओ बोले
शासन का आदेश आने के बाद जिले के ऐसे 12 डॉक्टरों की सूची तैयार की गई है जो दूसरे स्थानों पर संबद्ध है। संबद्धता समाप्त करने के लिए सूची भी शासन को भेज दी गई है। जल्द ही सभी को उनके मूल तैनाती स्थल पर भेजा जाएगा।
-कैप्टन डॉ. आशुतोष कुमार, सीएमओ