औरास। घर से निकले युवक का शव घर से 500 मीटर दूर आम के बाग में मिला। जवान बेटे का शव देख परिजन बदहवास हो गए। मृतक के पिता की सूचना पर पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है। परिजनों ने कोई आरोप नहीं लगाया है।
औरास थानाक्षेत्र के टिकरा सामद गांव निवासी ज्ञान प्रकाश तिवारी का छोटा बेटा अमित (22) शनिवार सुबह दस बजे घर से खेतों की तरफ गया था। शाम करीब छह बजे गांव के दर्शन रैदास की पत्नी बाग में लकड़ियां बीनने गई तो रामप्रकाश के आम के बाग में उसका शव पड़ा देखा।
उसने बाग से थोड़ी दूर दूसरे खेत में मौजूद उसके पिता को बेटे का शव पड़ा होने की सूचना दी। पिता बेटे का शव देख बदहवास हो गया। उसकी मौत की सूचना पहुंचते ही घर में कोहराम मच गया। पिता की सूचना पर पहुंचे प्रभारी निरीक्षक हरप्रसाद अहिरवार ने जांच के बाद शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतक चार भाई बहनों में तीसरे नंबर का व अविवाहित था। उसकी मौत से मां संतोषा, भाई आदित्य व बहनों सुधा और अर्चना का रो रोकर बुरा हाल रहा।