उन्नाव। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर सदर कोतवाली क्षेत्र के शेखपुर नरी गांव के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में बाइक चला रहा युवक व पीछे बैठा साथी घायल हो गया। दोनों को कानपुर के निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां एक की मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक समेत चालक भाग निकला।
कानपुर के रमईपुर निवासी हरिनाम (45) शनिवार तड़के 5 बजे अपने साथी गणेशी के साथ बाइक से लखनऊ से कानपुर की ओर जा रहा था। हाईवे पर शेखपुर नरी गांव के पास ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में हरिनाम गंभीर रूप से घायल हो गया, जबकि गणेशी को मामूली चोटें आईं। गणेशी बाइक पर ही हरिनाम को बैठाकर कानपुर के एक निजी अस्पताल ले गया। जहां इलाज के दौरान हरिनाम की मौत हो गई। सूचना पर पहुंचे परिजन बेहाल हो गए। बाइक सवार हेलमेट लगाए हुए था। पुलिस को घटना की जानकारी दी गई है। हादसे के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से भाग निकला।