उन्नाव। कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए शासन ने प्रत्येक सप्ताह 35 घंटे कर्फ्यू लागू किया है। शनिवार रात 8 बजे से सोमवार सुबह 7 बजे तक कर्फ्यू प्रभावी रहेगा। हालांकि इस दौरान आवश्यक सेवाओं के लिए छूट रहेगी। शनिवार शाम को 8 बजते ही पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी सड़क उतरे और अमल शुरू कराया। दुकानदारों और बेवजह घूमने वालों को हिदायत देकर घर भेजा। चेतावनी दी कि उल्लंघन करने पर कानूनी कार्रवाई भी होगी।
शनिवार शाम होते ही प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी सड़कों पर आए और क्षेत्र का भ्रमण कर दुकानदारों को समय से बंद करने की चेतावनी दी। वहीं, आम लोगों से कोरोना कर्फ्यू के दौरान घर में ही रहने की अपील की। शहर में सिटी मजिस्ट्रेट चंदन कुमार पटेल, सीओ सिटी कृपाशंकर, सदर कोतवाल ने भारी पुलिस बल के साथ भ्रमण किया। शाम के 8 बजते ही सड़कों पर सन्नाटा पसर गया।
खुली रहेंगी औद्योगिक इकाइयां
डीएम रवींद्र कुमार ने बताया कि सभी औद्योगिक इकाइयां संचालित रहेंगी और कार्मिकों को कार्यस्थल जाने की अनुमति रहेगी। कार्मिक अपना पहचान पत्र और ड्यूटी कार्ड दिखाकर आवागमन कर सकते हैं।
बताया कि शनिवार को आयोजित होने वाले विवाह व अन्य कार्यक्रमों की अनुमति गाइडलाइन के अनुसार प्रतिबंध के साथ रहेगी। बताया कि किसी भी बंद स्थान में एक समय में अधिकतम 50 और खुले स्थान या मैदान पर एक समय में अधिकतम 100 व्यक्तियों को ही शामिल होने पर अनुमति रहेगी।
अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 लोगों को छूट
एनडीए समेत पूर्व निर्धारित अन्य सभी परीक्षाओं की अनुमति होगी। परीक्षक व अभ्यर्थियों को प्रवेशपत्र दिखाने पर आने जाने दिया जाएगा। पब्लिक ट्रांसपोर्ट व राज्य परिवहन बसों में 50 प्रतिशत क्षमता के साथ यातायात की अनुमति होगी। अंतिम संस्कार में सिर्फ 20 व्यक्ति ही शामिल हो सकेंगे।
पूरे जिले में स्वच्छता, सैनिटाइजेशन अभियान
जिले के नगरीय और ग्रामीण क्षेत्रों में रविवार को स्वच्छता और सैनिटाइजेशन कराया जाएगा। डीएम ने रवींद्र कुमार ने सीडीओ को ग्रामीण क्षेत्र का नोडल और एडीएम को नगरीय क्षेत्र के लिए नोडल नियुक्त किया है। डीएम ने बताया कि पूरे जिले में अभियान चलेगा और अधिकारियों को इसके फोटो भी उपलब्ध कराने को कहा गया है। नगर पालिका ईओ आरपी श्रीवास्तव ने बताया कि शहर में सैनिटाइजेशन और स्वच्छता के लिए 500 सफाई कर्मी और 64 छोटी व 1 बड़े टैंकर वाली वाली सैनिटाइजर स्प्रे मशीन लगाई गई हैं।