कैंप कार्यालय में बैठक कर निर्देश देते डीएम रवींद्र कुमार।
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर के प्रभारियों व सह प्रभारियों के साथ डीएम ने कैंप कार्यालय में बैठक की। यहां एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में आ रही शिकायतों पर चर्चा हुई। सबसे अधिक शिकायतें कोविड जांच न होने की है।
सिटी मजिस्ट्रेट चंदन पटेल ने बताया कि एकीकृत कमांड एंड कंट्रोल सेंटर में सूचना देने के लिए पहला 0515-2820707 और दूसरा मोबाइल नंबर 9454417165 चल रहा है। जिसमें कोविड की जांच समय पर न कराने की शिकायतें आईं। शिकायतकर्ताओं को एसीएमओ डॉ. जेआर सिंह का मोबाइल नंबर दिया गया।
डीएम रवींद्र कुमार ने निर्देश दिए कि नोडल अधिकारियों एवं चिकित्सा व्यवस्था से जुड़े सभी अधिकारियों की सूची कंट्रोल रूम में उपलब्ध रहे। शासन व जिला स्तर से जो भी आदेश हो रहे हैं उसकी जानकारी कंट्रोलरूम में तैनात अधिकारियों व कर्मचारियों को होनी चाहिए। शहरी क्षेत्र में कांशीराम कॉलोनी में व जिला चिकित्सालय में जांच/सैंपलिंग के लिए सेंटर बनाए गए हैं।
ग्रामीण क्षेत्र में चिकित्साधिकारियों को निर्देशित किया कि कंट्रोल रूम में उपरोक्त सैंपलिंग सेंटर व उनसे संबंधित अधिकारियों की सूची अवश्य उपलब्ध हो। कोरोना के ऐसे मामले जिसमें टेस्ट हो गया हो रिपोर्ट न आई हो और सांस लेने में तकलीफ हो तो उस व्यक्ति की तत्काल जांच कराई जाए। ऐसे मरीजों को सरस्वती मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया जाए। इसके अतिरिक्त शिकायतों का डाटा गूगल शीट पर अपलोड किया जाए। इस दौरान एसडीएम अंकित शुक्ला, अतिरिक्त मजिस्ट्रेट देवेंद्र प्रातप सिंह सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।