हसनगंज कोतवाली परिसर स्थित मंदिर में विवाह बंधन में बंधते प्रेमी युगल।
- फोटो : UNNAO
हसनगंज(उन्नाव)। प्रेमी युगल की जिद के आगे परिजनों को झुकना पड़ा। कोतवाली में घंटों चली पंचायत व पुलिस हस्तक्षेप पर परिजन दोनों की शादी के लिए राजी हो गए। पुलिस ने कोतवाली परिसर में बने मंदिर में प्रेमी युगल की शादी कराई।
समदपुर भावा गांव निवासी अवनीश रावत (26) पुत्र जगदीश व गांव की फूलमती (23) पुत्री कल्लू के बीच काफी समय से प्रेम चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे। परिजनों को रिश्ता मंजूर न होने से दोनों परेशान थे। मंगलवार को दोनों के परिजनों में इसी बात को लेकर विवाद हो गया। दोनों के परिजन कोतवाली पहुंचे। पुलिस ने अवनीश व फूलमती को कोतवाली बुलवाया और उनकी इच्छा जानी। दोनों ने खुद को बालिग बता शादी की इच्छा जताई। इस पर पुलिस ने परिजनों को समझाया और आपस में बात कराई। कई घंटे चली बात के बाद दोनों के परिजन शादी को तैयार हो गए।
कोतवाली परिसर के मंदिर में पुलिस ने दोनों की शादी करवा दी। सीओ आरके शुक्ल ने बताया कि दोनों पक्षों के राजी होने और युवक व युवती की इच्छा पर दोनों की शादी कराई गई है।