बीघापुर में लगे सहमति कैंप में किसानों को भूमि अधिग्रहण के संबंध में आवश्यक जानकारी देते एसडीएम ?
- फोटो : UNNAO
उन्नाव। प्रदेश सरकार द्वारा जून माह में प्रस्तावित गंगा एक्सप्रेसवे के शिलान्यास पर जिला प्रशासन ने भूमि अधिग्रहण की प्रक्रिया तेज करने के उद्देश्य से रविवार को तीन तहसीलों के 24 गांवों में कैंप लगाए गए। इस दौरान सदर तहसील के अलगनगढ़ के किसानों ने मुआवजे पर असहमति जताई और सहमति पत्र नहीं दिया।
जिले के छह तहसीलों के 76 गांवों से गंगा एक्सप्रेसवे निकल रहा है। इनमें से बीघापुर, सदर व पुरवा तहसील के 24 गांवों में खरीद प्रस्ताव स्वीकृत हो चुके हैं। रविवार को किसानों से भूमि अधिग्रहण के सहमति पत्र लेने के लिए गांवों में कैंप लगाए गए। सदर तहसील के अलगनगढ़ गांव में किसानों ने सहमति पत्र देने से इनकार कर दिया।
किसानों ने मुआवजा समेत अन्य बिंदुओं पर सवाल उठाए। भैंसई कोयल में 25 किसानों से सहमति पत्र लिया गया है। एसडीएम बीघापुर दयाशंकर पाठक ने तहसील क्षेत्र के आकमपुर, ममरेजपुर, कटहर, तेवरिया, सलेमपुर, भूतहीहार, पुरंदरपुर व रामखेड़ा गांव में कैंप लगाकर 22 किसानों से सहमति पत्र लिया। इसके अलावा एसडीएम पुरवा राजेश चौरसिया ने सरसो, टिकरिया, ऊंचगांव सानी व हरीखेड़ा में कैंप लगाया। 16 किसानों ने सहमति दी।
अधिकारी बोले
भूमि अधिग्रहण के लिए 24 गांवों में कैंप लगाकर 63 किसानों से सहमति पत्र लिया गया है। अलगनगढ़ में अभी भूमि क्रय प्रक्रिया की अनुमति नहीं मिली है। अनुमति मिलने के बाद किसानों से सहमति पत्र लिया जाएगा।
-चंदन पटेल, प्रभारी भूमि अध्याप्ति अधिकारी उन्नाव।