नवाबगंज। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर बुधवार की रात अजगैन स्थित फैक्टरी के पास बाइक सवार सेल्समैन डंपर में पीछे से भिड़कर गंभीर रूप से घायल हो गया। एंबुलेंस से उसे सीएचसी लाया गया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। वह हेलमेट लगाए था।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के इटकुटी गांव निवासी अंकित उर्फ अखिलेश (29) पुत्र कौशलेंद्र सिंह लखनऊ के चारबाग स्थिति मॉडल शॉप पर सेल्समैन था। बुधवार की रात 11:30 बजे बाइक से घर लौट रहा था। लखनऊ-कानपुर हाईवे पर अजगैन कोतवाली के आगे एक फैक्टरी के पास आगे चल रहे डंपर के चालक के अचानक ब्रेक लेने से बाइक सवार उसी में पीछे से भिड़कर गंभीर रूप से घायल हो गया। पुलिस ने एंबुलेंस से उसे सीएचसी पहुंचाया। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। छोटे भाई आदित्य ने बताया कि अखिलेश का डेढ़ साल पहले रश्मि से विवाह हुआ था। सात महीने बेटा है। वह दो भाइयों में बड़े थे। बेटे की मौत से मां शिवदेवी सहित अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव का पोस्टमार्टम कराया गया है। तहरीर आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।