थाना समाधान दिवस पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताते लेखपाल।। संवाद
पुरवा / असोहा/सफीपुर। उप्र लेखपाल संघ के आह्वान पर विभिन्न मांगों को लेकर लेखपालों का विरोध जारी है। शनिवार को जनपद के अलग-अलग तहसीलों में थाना समाधान दिवस के दौरान लेखपालों ने बांहों पर काली पट्टी बांधकर विरोध जताया। उन्होंने लंबित मांगों पर जल्द निर्णय लेने और आवश्यक संसाधन उपलब्ध कराने की मांग की।
लेखपाल संघ के तहसील अध्यक्ष नंदलाल के नेतृत्व में असोहा में लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर विरोध दर्ज कराया। लेखपाल आय, जाति और निवास प्रमाणपत्र, वरासत, नाम व अंश संशोधन तथा ईडब्ल्यूएस से संबंधित ऑनलाइन कार्यों का बहिष्कार कर रहे हैं। उन्होंने शासन से लैपटॉप और मोबाइल उपलब्ध कराने की मांग की।
पुरवा कोतवाली में संघ के वरिष्ठ उपाध्यक्ष प्रशांत पांडेय के नेतृत्व में लेखपालों ने विरोध जताया। मौरावां थाने में भी लेखपालों ने काली पट्टी बांधकर प्रदर्शन किया। इस दौरान अरुण लाल, अनुपम, जयशंकर, रुचि, वैष्णवी, पीयूष पांडेय, शिव प्रताप, प्रेमशंकर और अनिकेत समेत अन्य लेखपाल मौजूद रहे।
सफीपुर में लेखपालों ने भी अपनी मांगों के समर्थन में प्रदर्शन किया। लेखपाल संघ के मुताबिक, पिछले 16 वर्षों से भत्तों में बढ़ोतरी नहीं की गई है। इसके अलावा नवनियुक्त लेखपालों का परीक्षा परिणाम भी करीब एक वर्ष से जारी नहीं हुआ है। लेखपालों ने संबंधित अधिकारियों से मांगों पर गंभीरता से विचार कर जल्द समाधान करने की अपील की।