पाटन। सुमेरपुर विकासखंड की ग्राम पंचायत बक्सर में मनरेगा के विकास कार्यों में अनियमितता की शिकायत की जांच करने पहुंचे सफाईकर्मी को लेकर सोमवार को विवाद हो गया। शिकायतकर्ता आकाश सिंह और ग्रामीणों ने सफाईकर्मी से नाम और पद पूछा लेकिन उसने जानकारी देने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद ग्रामीणों ने उसे घेरकर सवाल-जवाब किए और वीडियो बना लिया। वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया। संवाद न्यूज एजेंसी वायरल वीडियो की पुष्टि नहीं करता है। वायरल वीडियो में सफाईकर्मी अनिल हाथ में डायरी और कागज लिए दिखाई दे रहा है। उसके साथ कंसल्टिंग जेई नागेंद्र भी मौजूद थे। बताया जा रहा है कि अनिल की तैनाती ब्लॉक की रछौलिया पंचायत में है। उसके बक्सर पहुंचने को लेकर ग्रामीण सवाल उठा रहे हैं। यह भी सवाल है कि सफाईकर्मी को मनरेगा कार्यों की जांच के लिए किसके निर्देश पर भेजा गया। शिकायतकर्ता ने निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की है। बीडीओ बलराम ने बताया कि सफाईकर्मी वहां कैसे पहुंचा, इसकी जांच कराई जा रही है।