सीएचसी में बिलखती मां को संभालते परिजन संवाद
नवाबगंज। अजगैन-मोहान मार्ग पर शनिवार दोपहर तेज रफ्तार ट्रैक्टर की चपेट में आकर बाइक सवार घायल हो गया। सूचना पर पहुंचे परिजन बाइक सवार को सीएचसी लेकर पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया।
अजगैन कोतवाली क्षेत्र के कोट झलोत्तर गांव निवासी प्रेम शंकर (35) सैलून की दुकान पर काम करते थे। शनिवार दोपहर वह बाइक से सरोसा गांव गई मां सरला को लेने जा रहे थे। अजगैन-मोहान मार्ग पर धाराखेड़ा गांव के पास आगे चल रहा तेज रफ्तार ट्रैक्टर अचानक मुड़ गया। इससे बाइक सवार अनियंत्रित होकर ट्राॅली में घुस गया और गंभीर रूप से घायल हो गया।
राहगीरों की सूचना पर पहुंचे परिजन एंबुलेंस से घायल युवक को लेकर सीएचसी पहुंचे। डॉक्टर ने मृत घोषित कर दिया। बेटे की मौत से मां, पत्नी रेनू समेत अन्य परिजन बेहाल हैं। कोतवाल सुरेश सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पत्नी ने चालक और मालिक को नामजद करते हुए तहरीर दी है। प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।