पुरवा। क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी युवक ने पत्नी को फोन करने के बाद बंद कमरे में फंदा लगा लिया। शनिवार सुबह परिजनों की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
पुरवा कोतवाली क्षेत्र के सैदपुर गांव निवासी पुनीत की गांव में इलेक्ट्रॉनिक की दुकान है। चार माह पहले उसकी शादी मौरावां थाना क्षेत्र के छीटूखेड़ा गांव निवासी रिम्मी से हुई थी। भैयादूज पर वह पत्नी को मायके छोड़ आया था। शुक्रवार शाम पुनीत खाना खाकर कमरे में सोने जाने की बात कहकर चला गया। परिजनों के मुताबिक कुछ देर बाद पत्नी रीना का फोन आया तो वह बात करने लगा। इसके बाद वह लोग सो गए। शनिवार सुबह देर तक पुनीत कमरे से बाहर नहीं निकला।
इस पर बहन रीना ने आवाज दी। जवाब न आने पर खिड़की से देखा तो पुनीत का शव दुपट्टे से पंखे से लटका था। इस पर वह लोग खिड़की की जाली तोड़कर कमरे में दाखिल हुए और पुलिस को सूचना दी। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। बेटे की मौत से मां रजाना, भाई गंगा प्रसाद, अशोक समेत अन्य परिजनों का रो रोकर बुरा हाल है। कोतवाली प्रभारी भवन मौर्य ने बताया कि शव काे पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। परिजनों ने किसी प्रकार के आरोप नही लगाए हैं। तहरीर के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।