उन्नाव। पुरवा कोतवाली क्षेत्र में तेज रफ्तार कार की टक्कर से मोटरसाइकिल सवार युवक की मौत हो गई थी। परिजनों का आरोप है कि तहरीर देने के कई दिन बाद भी पुलिस ने प्राथमिकी दर्ज नहीं की। अब एसपी को प्रार्थनापत्र देकर कार चालक पर प्राथमिकी दर्ज करने की गुहार लगाई है।
पुरवा के तौरा गांव निवासी उमाशंकर यादव ने एसपी जयप्रकाश सिंह को शिकायती पत्र देकर सड़क हादसे में बेटे की मौत के मामले में प्राथमिकी दर्ज कर कार्रवाई की मांग की है। बताया कि 22 सितंबर की रात करीब आठ बजे बेटा बाइक से कानपुर-लखनऊ एक्सप्रेस-वे से लौट रहा था। तौरा चौराहे के पास करीब 500 मीटर आगे अचानक मोड़ पर सामने से आ रही तेज रफ्तार कार ने बाइक में टक्कर मार दी। हादसे में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। इसके बाद उसकी मौत हो गई। पिता के अनुसार, हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस ने कार को सड़क किनारे पेट्रोल पंप के पास खड़ा करा दिया था। 28 सितंबर को पुरवा थाने में तहरीर दी लेकिन अभी प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।